त्रिशूर में पीएम मोदी ने महिलाओं को किया संबोधित

PTV BHARAT प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस और लेफ्ट पर प्रहार करते हुए कहा कि इन सरकारों ने महिलाओं को उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने केरल के त्रिशूर में एक महिला सम्मेलन की विशाल सभा को संबोधित करते हुए कहा, मैं स्त्री शक्ति का आभारी हूं, जो इतनी बड़ी संख्या में मुझे अपना आशीर्वाद देने यहां पहुंची हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि केरल में लंबे समय तक लेफ्ट और कांग्रेस सत्ता और विपक्ष का ढोंग रचते रहे हैं। ये सिर्फ नाम के लिए दो पार्टियां हैं। पीएम ने कांग्रेस और लेफ्ट पर निशाना साधते हुए कहा कि केरल में भ्रष्टाचार, अपराध या परिवारवाद ये दोनों पार्टियां मिलकर सब कुछ करती हैं। उन्होंने कहा कि अब इंडी अलायंस बनाकर इन्होंने घोषणा कर दी है कि इनकी विचारधारा और नीतियों में कोई अंतर नहीं है। महिलाओं की सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सौभाग्य से मैं शिव की नगरी काशी संसदीय क्षेत्र से सांसद हूं और यहां वडक्कुनाथन मंदिर में भी भगवान शिव विराजमान हैं। आज केरल की सांस्कृतिक राजधानी त्रिशूर से निकलने वाली ऊर्जा पूरे केरल में नई आशा का संचार करेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज शिवगंगे की महान रानी वेलु नचियार की जन्मजयंती है। आज समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले की भी जन्म जयंती है। नारी शक्ति का सामर्थ्य कितना बड़ा होता है यह इन दोनों से सीखने को मिलता है। केरल की बेटियों ने भारत की आज़ादी, संस्कृति और संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *