रायपुर : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना

PTV BHARAT 27 JUNE 2026 रायपुर : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना – प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घर-घर में सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ाकर बिजली बिल में कमी लाना है। इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी के सभी उपभोक्ताओं को अपने आवासीय परिसरों में रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित करने की सलाह दी गई है।

योजना के लाभ

सोलर प्लांट की क्षमता के अनुसार केंद्र और राज्य शासन द्वारा अनुदान प्रदान किया जाएगा। 1 किलोवाट प्लांट के लिए कुल 45,000 रुपये का अनुदान मिलेगा, जिसमें केंद्र सरकार का 30,000 रुपये तथा राज्य सरकार का 15,000 रुपये का योगदान होगा। इसी प्रकार 2 किलोवाट प्लांट के लिए कुल 90,000 रुपये का अनुदान मिलेगा, जिसमें केंद्र का 60,000 रुपये और राज्य का 30,000 रुपये शामिल है। 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के प्लांट के लिए कुल 1,08,000 रुपये का अनुदान मिलेगा, जिसमें केंद्र सरकार 78,000 रुपये तथा राज्य सरकार 30,000 रुपये देगी।

बैंक द्वारा ऋण सुविधा

3 किलोवाट तक क्षमता के सोलर प्लांट के लिए 6 प्रतिशत ब्याज दर पर 10 वर्षों के लिए बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध है। इसकी मासिक ईएमआई सामान्य बिजली बिल से भी कम बताई गई है।

योजना का लाभ लेने के लिए पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है या नजदीकी विद्युत वितरण केंद्र, उप-संभाग अथवा संभागीय कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। प्रति किलोवाट सोलर प्लांट की अनुमानित लागत लगभग 65,000 रुपये है। इस योजना के माध्यम से उपभोक्ता अपने बिजली बिल में कमी लाने के साथ-साथ सौर ऊर्जा के उपयोग द्वारा पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *