PTV BHARAT 27 JUNE 2026 रायपुर : मर्दापाल के साप्ताहिक बाजार में अचानक पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अपने बस्तर प्रवास के दौरान कोण्डागांव जिले के ग्राम मर्दापाल स्थित साप्ताहिक बाजार में अचानक पहुंचे। नारायणपुर के कन्हारगांव में आयोजित कार्यक्रम से घने वनांचलों कडेनार, हड़ेली और मर्दापाल होते हुए कोण्डागांव जाते समय सड़क किनारे लग रहे साप्ताहिक बाजार को देखकर वे अपना काफिला रोकने से खुद को नहीं रोक सके और सीधे बाजार में लोगों के बीच पहुंच गए।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बाजार में मौजूद ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और व्यापारियों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से बाजार की व्यवस्थाओं, क्षेत्र की आवश्यकताओं तथा जनजीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
ग्रामीणों ने बताया कि नक्सल भय समाप्त होने के बाद अब यहां के बाजार में रौनक लौट आई है। मर्दापाल के आसपास के कई ग्रामीण, जो पहले बाजार में नहीं आ पाते थे, अब दूर-दूर से बाजार में शामिल हो रहे हैं। उप मुख्यमंत्री के सहज और आत्मीय व्यवहार से बाजार में मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल रहा।

