PTV BHARAT 30 JUNE 2026 रायपुर : कृषि विश्वविद्यालय में सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. एम.पी. ठाकुर सहित चार कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई – इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. एम.पी. ठाकुर सहित चार कर्मचारियों को आज भावभीनी विदाई दी गई। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सभा कक्ष में कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित विदाई समारोह में पूर्व निदेशक शिक्षण, निदेशक विस्तार सेवाएं तथा अधिष्ठाता कृषि संकाय जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके डॉ. एम.पी. ठाकुर को उनकी अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर विदाई दी गई। डॉ. ठाकुर सेवानिवृत्ति से पूर्व कृषि विश्वविद्यालय में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के नोडल अधिकारी का दायित्व संभाल रहे थे।
छत्तीसगढ़ में मशरूम की खेती को गांव-गांव तक पहुंचाने में डॉ. ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके अलावा निदेशक शिक्षण कार्यालय से सेवानिवृत्त तीन अन्य कर्मचारियों मुक्तानंद नायक (शाखा अधिकारी), जलम यादव (सहायक ग्रेड-01) एवं नवल किशोर श्रीवास्तव (वाहन चालक) को भी भावभीनी विदाई दी गई। कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में कुलसचिव डॉ. कपिलदेव दीपक, निदेशक शिक्षण डॉ. विजय कुमार, वित्त नियंत्रक मनीषा नाग, उप वित्त नियंत्रक सचिन शर्मा, उप कुलसचिव डॉ. येमन कुमार देवांगन सहित विश्वविद्यालय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

