रायपुर : ग्राम पंचायत कारसिंग में 15 लाख रुपये के व्यावसायिक परिसर निर्माण कार्य का भूमिपूजन

PTV BHARAT 1 JULY 2026 रायपुर : ग्राम पंचायत कारसिंग में 15 लाख रुपये के व्यावसायिक परिसर निर्माण कार्य का भूमिपूजन – कोंडागांव जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं स्थानीय रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने विकासखंड कोंडागांव के ग्राम पंचायत कारसिंग में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित व्यावसायिक परिसर का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले व्यावसायिक परिसर का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। व्यावसायिक परिसर के निर्माण से स्थानीय युवाओं एवं ग्रामीणों को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे तथा क्षेत्र के व्यापारिक विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र श्रमिक अपना श्रमिक पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है और इसके लिए सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम में कोंडागांव जनपद उपाध्यक्ष टोमेन्द्र सिंह ठाकुर, दीपेश अरोरा, पिलसू नेताम, रामसिंग कोर्राम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *