PTV BHARAT 6 JULY 2026 जगदलपुर : बैंक सखियों ने ग्रामीणों की वित्तीय गतिविधियों को दी मजबूती – ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने में बैंक सखियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। माइक्रो एटीएम और आधार आधारित बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही नकद निकासी, जमा, बैलेंस जांच और धन अंतरण जैसी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बैंक सखियों के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा मजदूरी, पीएम-किसान सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की राशि हितग्राहियों तक पहुंच रही है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को बैंक शाखाओं तक जाने की परेशानी से राहत मिली है।
बस्तर जिले में वर्तमान में 141 बैंक सखियां कार्यरत हैं। जून माह में उन्होंने पेंशन से जुड़े 3,166 हितग्राहियों के 28.67 लाख रुपये, एमविवाय के 4,097 हितग्राहियों के 38.82 लाख रुपये और स्व-सहायता समूहों के 22,367 हितग्राहियों के 2.31 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय लेन-देन में सहयोग किया।
इसके अलावा वीबी जी राम जी योजना के 2,103 हितग्राहियों के 15.46 लाख रुपये तथा अन्य 12,026 वित्तीय हस्तांतरणों में 1.44 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का लेन-देन किया गया। बैंक सखियां ग्रामीणों को डिजिटल भुगतान, नियमित बचत और सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक कर गांव और बैंक के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर रही हैं।

