PTV BHARAT 6 JULY 2026 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : जिले की पहचान बने विष्णुभोग चावल से मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का किया गया सम्मान – कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के जिला आगमन पर कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने उन्हें जिले की विशिष्ट पहचान विष्णुभोग चावल का पैकेट भेंट कर सम्मानित किया।
कलेक्टर ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा विष्णुभोग चावल का उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन किया जा रहा है। अपनी विशिष्ट सुगंध, गुणवत्ता और पारंपरिक पहचान के कारण यह चावल जिले की पहचान बनने के साथ ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को भी मजबूती दे रहा है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने विष्णुभोग चावल की सराहना करते हुए कहा कि यह जिले की समृद्ध कृषि परंपरा और महिला स्व-सहायता समूहों की मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार और पहचान दिलाने के प्रयासों को बढ़ावा देने पर जोर दिया, जिससे किसानों और महिला समूहों की आय में वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर हरिभूमि एवं आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी को भी विष्णुभोग चावल का पैकेट भेंट किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज खलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

