अम्बिकापुर : सुशासन तिहार के दौरान टीबी उन्मूलन अभियान को मिली नई गति

PTV BHARAT 6 JULY 2026 अम्बिकापुर : सुशासन तिहार के दौरान टीबी उन्मूलन अभियान को मिली नई गति, 53 नए मरीजों की पहचान – सुशासन तिहार के अंतर्गत 1 मई से 10 जून 2026 तक जिलेभर में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। अभियान के माध्यम से टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया गया।

जिले में आयोजित 42 विशेष स्वास्थ्य शिविरों में 5,890 लोगों की डिजिटल एक्स-रे जांच की गई, जिनमें 30 मरीजों में टीबी की पुष्टि हुई। वहीं 538 बलगम जांच में 23 मरीज टीबी पॉजिटिव पाए गए। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 53 नए टीबी मरीजों की पहचान कर उनका उपचार शुरू किया गया।

निक्क्षय पोषण योजना के तहत जिले की 40 ग्राम पंचायतों के सचिवों ने निक्क्षय मित्र बनकर उपचाररत 38 टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किए। साथ ही टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच और सचिवों को महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होने या टीबी के अन्य लक्षण दिखाई देने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क जांच कराने की अपील की है। विभाग ने कहा कि समय पर जांच और नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *