PTV BHARAT 6 JULY 2026 अम्बिकापुर : ‘मोर गांव मोर पानी महाअभियान’ से भू-जल संवर्धन को मिलेगी नई गति – जिले में वर्षा जल संरक्षण और भू-जल संवर्धन के उद्देश्य से मनरेगा के तहत ‘मोर गांव मोर पानी महाअभियान’ का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत बारिश के पानी को गांवों में रोककर भू-जल पुनर्भरण बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर लूज बोल्डर चेक डैम और गैबियन संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है।
जिले के सभी सात विकासखंडों में कुल 587 लूज बोल्डर चेक डैम और 37 गैबियन संरचनाओं के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। अधिकांश संरचनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य अंतिम चरण में हैं। इन संरचनाओं से वर्षा जल के बहाव की गति नियंत्रित होगी और पानी जमीन में रिसकर भू-जल स्तर बढ़ाने में मदद करेगा।
तेज जल प्रवाह वाले नालों में गैबियन संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। लोहे की जाली और पत्थरों से बनी ये संरचनाएं अधिक टिकाऊ होती हैं और पानी को कुछ समय तक रोककर भू-जल पुनर्भरण बढ़ाने के साथ मिट्टी के कटाव को भी नियंत्रित करती हैं।
इन जल संरक्षण कार्यों का निर्माण मनरेगा के माध्यम से स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण मजदूरों को रोजगार भी मिल रहा है। अभियान से कुओं, हैंडपंपों और बोरवेल में जल उपलब्धता बढ़ने के साथ खरीफ, रबी और ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए अतिरिक्त सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों और किसानों से वर्षा जल संरक्षण के इस अभियान में सहभागिता निभाने और जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।

