मुंगेली : जिले में 270 आजीविका डबरी निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण, बदलेगी खेती की तस्वीर

PTV BHARAT 6 JULY 2026 मुंगेली : जिले में 270 आजीविका डबरी निर्माण कार्य पूर्ण, बदलेगी खेती की तस्वीर – जिले में जल संरक्षण, सिंचाई विस्तार और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की दिशा में 270 आजीविका डबरियों का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इन डबरियों में वर्षा जल का संचयन कर किसानों को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

आजीविका डबरियों में संग्रहित पानी से खेतों में लंबे समय तक जल उपलब्ध रहेगा, जिससे फसल उत्पादन बढ़ाने और सूखे की स्थिति में फसलों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही भू-जल पुनर्भरण बढ़ने से आसपास के कुओं, हैंडपंपों और बोरवेलों में भी जल उपलब्धता में सुधार होने की उम्मीद है।

सिंचाई सुविधा बढ़ने से किसान पारंपरिक खेती के साथ सब्जी, बागवानी, दलहन, तिलहन और उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती कर सकेंगे। इससे फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा, कृषि जोखिम कम होगा और किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी।

जिन डबरियों में वर्षभर पर्याप्त पानी उपलब्ध रहेगा, वहां मत्स्य पालन भी किया जा सकेगा। इससे किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

जिला प्रशासन ने आने वाले समय में इन आजीविका डबरियों के समुचित रखरखाव और अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित करने की बात कही है। यह पहल जल संरक्षण के साथ आत्मनिर्भर कृषि, टिकाऊ आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *