PTV BHARAT 6 JULY 2026 मुंगेली : महतारी वंदन योजना बनी सुनीता साहू के बच्चों की बेहतर शिक्षा का आधार – महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं को परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने और बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने में मदद कर रही है। ग्राम लिम्हा निवासी सुनीता साहू भी योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि का उपयोग अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर रही हैं।
सुनीता साहू ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि से वे बच्चों की स्कूल वैन का किराया और पढ़ाई से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं को पूरा कर पा रही हैं। पहले शिक्षा से जुड़े खर्चों का प्रबंधन करना कई बार मुश्किल हो जाता था, लेकिन नियमित आर्थिक सहायता मिलने से परिवार को राहत मिली है और बच्चों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी है।
उन्होंने कहा कि सहायता राशि भले ही सीमित हो, लेकिन हर महीने नियमित रूप से मिलने के कारण यह परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन गई है। इससे बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देना आसान हुआ है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी पहले की तुलना में अधिक संतुलित हुई है।
सुनीता साहू ने महतारी वंदन योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं की आत्मनिर्भरता, सम्मान और परिवारों की आर्थिक मजबूती का प्रभावी माध्यम बन रही है।

