PTV BHARAT 7 JULY 2026 रायपुर : उर्वरक वितरण में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई – खरीफ सीजन में किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बेमेतरा जिले के ग्राम रनबोड़ स्थित मेसर्स महालक्ष्मी कृषि केंद्र का उर्वरक वितरण में अनियमितता पाए जाने पर लाइसेंस 15 दिनों के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कृषि विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान कैश मेमो पर किसानों के हस्ताक्षर नहीं मिले, भंडारण एवं विक्रय पंजी अपूर्ण पाए गए, निर्धारित प्रारूप में मासिक जानकारी प्रस्तुत नहीं की गई और बिक्री स्थल पर उर्वरकों का स्टॉक तथा निर्धारित विक्रय दर प्रदर्शित नहीं की गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि बड़ी संख्या में अन्य जिलों के किसानों को उर्वरक बेचे गए तथा पीओएस सिस्टम में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध भौतिक स्टॉक में अंतर पाया गया।
प्रतिष्ठान को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत उसका लाइसेंस 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की रक्षा और उर्वरकों के पारदर्शी वितरण को सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में निरीक्षण अभियान जारी रहेगा तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

