PTV BHARAT 7 JULY 2026 रायपुर : सरगुजा की सभी 439 ग्राम पंचायतों में रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन संकल्प के तहत सरगुजा जिले की सभी 439 ग्राम पंचायतों में रोजगार एवं आवास दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) समेत विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की गई और हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को 300 रुपये प्रतिदिन की नई मजदूरी दर की जानकारी दी गई तथा विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल ने ग्राम पंचायत गणेशपुर का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा की और अपूर्ण आवासों को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक पात्र हितग्राही के लिए 90 दिनों का मस्टर रोल जारी करने, लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण, महिला स्व-सहायता समूहों को अपशिष्ट प्रबंधन से जोड़ने तथा पंचायतों में स्वच्छता और कर भुगतान को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। साथ ही राजमिस्त्री प्रशिक्षण शुरू कर आवास निर्माण में तेजी लाने और निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों को एक माह के भीतर पूरा करने पर जोर दिया गया।

