रायपुर : रायगढ़ में स्वास्थ्य, पर्यटन और शहरी अधोसंरचना विकास को मिलेगी नई रफ्तार : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

PTV BHARAT 7 JULY 2026 रायपुर : रायगढ़ में स्वास्थ्य, पर्यटन और शहरी विकास परियोजनाओं का वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया निरीक्षण – वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ जिले में प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी कार्य समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विजयपुर में बनने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, केलो नदी के खर्रा घाट पर प्रस्तावित मैरीन ड्राइव तथा पुराने जेल परिसर में विकसित होने वाले व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स की योजनाओं की समीक्षा की।

करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की डिजाइन में आवश्यक सुधार कर संशोधित प्रस्ताव जल्द स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने से रायगढ़ में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।

वित्त मंत्री ने लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत वाली दो किलोमीटर लंबी मैरीन ड्राइव परियोजना का भी निरीक्षण किया। परियोजना में घाट सौंदर्यीकरण, आरसीसी पाथवे, गज़ीबो, प्रकाश व्यवस्था, प्रोमेनेड और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा पुराने जेल परिसर में आधुनिक व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *