PTV BHARAT 7 JULY 2026 रायपुर : बस्तर में 36 वर्षों की सेवा के लिए गोडबोले दंपत्ति को मिला पद्मश्री सम्मान – बस्तर के आदिवासी समाज के स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए पिछले 36 वर्षों से कार्यरत डॉ. रामचंद्र गोडबोले और उनकी पत्नी सुनीता गोडबोले की सेवाओं को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया है। महाराष्ट्र के सातारा निवासी डॉ. गोडबोले आयुर्वेद चिकित्सक हैं, जबकि सुनीता गोडबोले समाज कार्य विशेषज्ञ हैं। वर्ष 1990 में विवाह के बाद दोनों ने समाज सेवा के लिए बस्तर को अपना कार्यक्षेत्र बनाया।
गोडबोले दंपत्ति ने दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं, चिकित्सा शिविर लगाए और गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार तक पहुंचाने में सहयोग किया। सुनीता गोडबोले ने स्थानीय गोंडी और हल्बी भाषा सीखकर महिलाओं और बच्चों के बीच पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सिकल सेल एनीमिया जागरूकता और बाल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया।
वर्तमान में दोनों ‘बनफूल’ संस्था के माध्यम से जनजातीय बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें पद्मश्री सम्मान प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी उनके योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा की प्रेरणादायक मिसाल बताया।

