PTV BHARAT 7 JULY 2026 रायपुर : शाला प्रवेश उत्सव में छात्राओं को मिली साइकिल, पर्यटन मंत्री ने शिक्षा पर दिया जोर – पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर स्थित स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (अंग्रेजी माध्यम) में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होकर नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने और बेटियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण से छात्राओं की विद्यालय तक सुरक्षित और सुगम पहुंच सुनिश्चित होगी तथा उनका आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों से अनुशासन और मेहनत को जीवन का मंत्र बनाने का आह्वान किया तथा शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के माध्यम से प्रदेश के विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो रहे हैं।

