PTV BHARAT 7 JULY 2026 रायपुर : कृषि वैज्ञानिकों की सलाह, किसान 30 जुलाई तक पूरी करें धान की रोपाई – इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि मानसून के सक्रिय होने और खेतों में पर्याप्त नमी उपलब्ध होने के बाद धान की रोपाई समय पर पूरी करें। वैज्ञानिकों के अनुसार सीधी बुआई करने वाले किसान 15 जुलाई तक बुआई पूरी करें, जबकि रोपाई और बियासी पद्धति अपनाने वाले किसान 30 जुलाई तक धान की रोपाई कर लें।
वैज्ञानिकों ने बताया कि जून में मानसून देर से पहुंचने के कारण वर्षा सामान्य से कम रही, लेकिन जुलाई के पहले सप्ताह की अच्छी बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी उपलब्ध हो गया है। जिन किसानों की नर्सरी तैयार है, वे तुरंत रोपाई शुरू करें, जबकि अन्य किसान अंकुरित बीजों की लेही पद्धति, ड्रम सीडर या छिटकवा विधि से बुआई कर सकते हैं।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को शीघ्र एवं मध्यम अवधि में पकने वाली धान की किस्मों के उपयोग, बीज उपचार, जैव उर्वरकों के प्रयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा शुरुआती 40 दिनों तक खरपतवार नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है। किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए किसानों से कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि अनुसंधान केंद्र या कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की गई है।

