PTV BHARAT 8 JULY 2026 धमतरी : जल जीवन मिशन से 84 गांवों को मिलेगा नल से शुद्ध पेयजल – धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए 130.40 करोड़ रुपये की लागत से सिर्री मल्टी विलेज स्कीम (MVS) पर कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत 84 गांवों के 29,793 परिवारों को घर-घर नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
यह परियोजना भूजल पर निर्भर न होकर नहर के सतही जल का उपयोग करेगी। नहर से पानी डांडेसरा स्थित सम्पवेल में लाया जाएगा, जहां आधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) में शुद्धिकरण के बाद मास्टर बैलेंसिंग रिजर्वायर (MBR) के माध्यम से पाइपलाइन नेटवर्क द्वारा घरों तक पहुंचाया जाएगा। पूरी व्यवस्था को चार जोन—डांडेसरा, भटगांव, कोड़ेबोड़ और सिर्री—में विभाजित किया गया है, ताकि सभी गांवों तक समान रूप से जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
योजना से महिलाओं और बच्चों को पानी लाने में होने वाली कठिनाई से राहत मिलेगी, जलजनित बीमारियों में कमी आएगी और भूजल दोहन पर निर्भरता भी घटेगी। जल जीवन मिशन के तहत ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को रखरखाव की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। इसके साथ ही मगरलोड विकासखंड के लिए प्रस्तावित मेघा मल्टी विलेज स्कीम से भविष्य में 59 और गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।

