PTV BHARAT 8 JULY 2026 रायपुर : दिसंबर 2026 के नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा – छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकायों के आम एवं उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में 15 नगरीय निकायों और 2 नवगठित नगर पंचायतों में होने वाले चुनावों की तैयारियों तथा परिसीमन और आरक्षण की प्रगति पर चर्चा हुई।
निर्वाचन वाले निकायों में 4 नगर निगम, 5 नगरपालिका परिषद और 6 नगर पंचायत शामिल हैं। साथ ही नवगठित तमनार और बड़ी करेली नगर पंचायतों में भी आम चुनाव कराए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि 15 निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों का आरक्षण पूरा हो चुका है, जबकि वार्ड पार्षदों के आरक्षण की प्रक्रिया जारी है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को सभी निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि दिसंबर 2026 में चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराए जा सकें।

