PTV BHARAT 8 JULY 2026 सुकमा : ‘मिशन दृष्टि’ से ढाई साल बाद लौटी वंजाम जोगी की आंखों की रोशनी – सुकमा जिले में मिशन दृष्टि और स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत मोतियाबिंद से पीड़ित ग्रामीणों का निःशुल्क उपचार किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिरसेट्टी गांव की वंजाम जोगी, जिन्होंने ढाई साल पहले दोनों आंखों की रोशनी खो दी थी, सफल ऑपरेशन के बाद पहली बार अपने पति का चेहरा देख सकीं। पट्टी हटते ही उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दूरस्थ गांवों में घर-घर सर्वे कर मरीजों की पहचान की और उन्हें जिला अस्पताल लाकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से निःशुल्क ऑपरेशन कराया। इसी अभियान से रवापारा सिरसेट्टी की मड़कम हिड़मे की भी आंखों की रोशनी वापस लौटी और अब वे सामान्य जीवन जी रही हैं।
प्रशासन के अनुसार मिशन दृष्टि का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। उपचार के बाद मरीजों को आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई, जिससे अभियान ने कई परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और रोशनी लौटाई है।

