PTV BHARAT 8 JULY 2026 कोंडागांव : अल्प वर्षा से निपटने कृषि विभाग ने जारी की आकस्मिक कार्ययोजना – खरीफ सीजन 2026 में संभावित कम और अनियमित वर्षा को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए आकस्मिक कार्ययोजना जारी की है। विभाग ने संरक्षण जुताई, सूखा-रोधी और कम अवधि वाली फसलों का चयन तथा डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) तकनीक अपनाने की सलाह दी है, जिससे 30 से 40 प्रतिशत तक पानी की बचत हो सकती है।
किसानों को हल्की भूमि में तिल, रामतिल और मूंगफली तथा भारी भूमि में शीघ्र और मध्यम अवधि की धान की किस्मों के साथ मूंग, उड़द और अरहर जैसी फसलें उगाने की सलाह दी गई है। वहीं कम वर्षा की स्थिति में बाजरा, ज्वार, मक्का, रागी, कोदो, कुटकी और अन्य मिलेट्स जैसी कम पानी वाली वैकल्पिक फसलें अपनाने की भी सिफारिश की गई है।
जल संरक्षण के लिए खेत तालाब, डबरी, स्टॉप डेम, कंटूर ट्रेंच, मल्चिंग, टपक एवं स्प्रिंकलर सिंचाई जैसी तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया गया है। कृषि विभाग ने किसानों से वैज्ञानिक खेती और जल संरक्षण उपाय अपनाकर कम वर्षा की स्थिति में भी उत्पादन और आय सुरक्षित रखने की अपील की है।

