PTV BHARAT 8 JULY 2026 गरियाबंद : वीबी-जी राम-जी योजना से ग्रामीणों को रोजगार और जल संरक्षण को बढ़ावा – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 1 जून 2026 से लागू वीबी-जी राम-जी योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, जल संरक्षण और टिकाऊ विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरी है। योजना के तहत स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल संरक्षण, कृषि उत्पादकता बढ़ाने और ग्रामीण अधोसंरचना के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम सेम्हराडीह निवासी श्रमिक हीरामन साहू ने कहा कि गांव में ही रोजगार मिलने से अब श्रमिकों को काम के लिए पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि योजना से ग्रामीणों की आय बढ़ेगी और गांवों का समग्र विकास होगा।
योजना के तहत तालाब निर्माण, वर्षा जल संचयन, मेड़बंदी, नाला उपचार, वृक्षारोपण, चारागाह विकास, ग्रामीण सड़क निर्माण और सामुदायिक परिसंपत्तियों के विकास जैसे कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही महिलाओं, दिव्यांगजनों और वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित कर समावेशी ग्रामीण विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।

