रायपुर : आयुष्मान भारत और वय वंदना अभियान से घर-घर जुड़ रहे हितग्राही

PTV BHARAT 14 JULY 2026 रायपुर : आयुष्मान भारत और वय वंदना अभियान से घर-घर बन रहे स्वास्थ्य कार्ड – बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बना रही हैं तथा 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का ई-केवाईसी कर आयुष्मान वय वंदना कार्ड भी तैयार कर रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग, मितानिन, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्वास्थ्य मित्रों की संयुक्त टीमें लगातार पंजीयन कार्य में जुटी हैं। वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संस्थानों तक आने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए उनके घर पर ही ई-केवाईसी और कार्ड निर्माण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

जिले में राशन कार्ड के आधार पर 8,02,384 पात्र हितग्राहियों की पहचान की गई है, जिनमें से 7,41,792 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कार्य तेजी से जारी है।

वहीं आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत 21,609 पात्र वरिष्ठ नागरिकों में से 14,499 का पंजीयन पूरा किया जा चुका है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ मिलेगा।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से आधार कार्ड, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर के साथ पंजीयन कराकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *