गरियाबंद : गेंदा फूल की खेती से किसान हेमचंद साहू की बदली तस्वीर

PTV BHARAT 1 AUGUST 2026 गरियाबंद : गेंदा फूल की खेती से किसान हेमचंद साहू की बदली तस्वीर – पारंपरिक धान की खेती से सीमित आय अर्जित करने वाले छुरा विकासखंड के ग्राम कसेकेरा के किसान हेमचंद साहू ने आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाकर सफलता की नई मिसाल कायम की है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के अंतर्गत उद्यानिकी विभाग के सहयोग से उन्होंने 0.48 हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग तकनीक के साथ गेंदा फूल की खेती शुरू की, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता से हेमचंद साहू ने वैज्ञानिक पद्धति से खेती करना सीखा। आधुनिक तकनीक अपनाने से उत्पादन बढ़ा, लागत नियंत्रित रही और फसल की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ। उनके द्वारा उत्पादित गेंदा फूल की बिक्री स्थानीय बाजार के साथ-साथ रायपुर में भी की गई, जिससे उन्हें लगभग 2 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ।

हेमचंद साहू ने बताया कि पहले धान की खेती से परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करना कठिन था, लेकिन अब फूलों की खेती ने उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत कर दी है। उनकी सफलता को देखकर आसपास के किसान भी गेंदा फूल की व्यावसायिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कम भूमि में अधिक आय देने वाली फूलों की खेती किसानों के लिए लाभकारी विकल्प बन रही है। ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से जल संरक्षण के साथ उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में वृद्धि हो रही है। हेमचंद साहू की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सरकारी योजनाओं का लाभ, वैज्ञानिक खेती और समय पर तकनीकी मार्गदर्शन किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *