PTV BHARAT 1 AUGUST 2026 रायपुर : लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया श्रद्धापूर्वक नमन – वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रखर राष्ट्रवादी नेता और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि लोकमान्य तिलक ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान की। उनका ऐतिहासिक उद्घोष—“स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूँगा”—देशवासियों में स्वतंत्रता की चेतना और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणास्रोत बना।
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि लोकमान्य तिलक का त्याग, संघर्ष, राष्ट्रनिष्ठा और जनजागरण के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणादायक है। उनका जीवन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज और देश की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के आदर्शों और विचारों का अनुसरण कर हम एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा सकते हैं।

