महासमुंद : घर की खुदाई में मिले निखात को विजय कुम्हार ने कलेक्टर को सौंपा

PTV BHARAT 13 AUGUST 2026 – महासमुंद : घर की खुदाई में मिले निखात को विजय कुम्हार ने कलेक्टर को सौंपा – ग्राम सुअरमार निवासी विजय कुम्हार के घर में विगत 02 अगस्त को मकान निर्माण में जमीन की खुदाई के दौरान मिले निखात को आज कलेक्टर विनय कुमार लंगेह को नियमानुसार सौंपा गया। मकान मालिक विजय कुम्हार अपने घर की खुदाई में मिले निखात (धातु) को जमा कराने के लिए आज जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उनके साथ ग्राम सुअरमार के पूर्व सरपंच मूलचंद चंद्राकर तथा पूर्व माध्यमिक शाला कसेकेरा के प्रधान पाठक विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा निखात को सुरक्षित रूप से जमा कराया गया। निधि का वजन लगभग 1.70 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 हजार रुपए है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के पूर्वी भाग में स्थित ऐतिहासिक सुअरमार गढ़ क्षेत्र में मकान निर्माण के दौरान एक स्वर्ण रंग जैसे धातु का अवशेष मिलने से क्षेत्र के पुरातात्त्विक एवं ऐतिहासिक महत्व को लेकर नई जिज्ञासा उत्पन्न हुई है। कोमाखान क्षेत्र के निवासी विजय कुम्हार के मकान निर्माण के दौरान लगभग तीन फीट की गहराई में उत्खनन करने पर यह धातु खंड प्राप्त हुआ। प्राप्ति स्थल से काली मिट्टी तथा पुरानी खपरैल (मिट्टी की टाइलों) के अवशेष भी मिले हैं।

प्राप्त धातु वस्तु चपटी एवं अनियमित आकार की है। इसकी सतह पर दबाव तथा मोड़ के निशान दिखाई देते हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह हथौड़े से पीटकर तैयार की गई धातु पट्टिका अथवा पत्र जैसी प्रतीत होती है। स्थानीय स्तर पर इसे स्वर्ण धातु का अवशेष माना जा रहा है, हालांकि इसकी वास्तविक धातु संरचना की पुष्टि अभी वैज्ञानिक परीक्षण से नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *