बलौदाबाजार : तिरंगा हमारी आन -बान और सम्मान का प्रतीक-राजस्व मंत्री वर्मा

PTV BHARAT 13 AUGUST 2026 – बलौदाबाजार : तिरंगा हमारी आन-बान और सम्मान का प्रतीक-राजस्व मंत्री वर्मा – देशभक्ति के जज्बे और उमंग के साथ गुरुवार को जिला मुख्यालय बलौदाबाजार में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय गार्डन चौक स्थित अटल परिसर से हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ किया। तिरंगा यात्रा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा भी शामिल हुए।

देशभक्ति के रंग में रंगा जिला मुख्यालय-तिरंगा यात्रा गार्डन चौक से प्रारम्भ होकर नया बस स्टैंड होते हुए अम्बेडकर चौक में सम्पन्न हुआ। यात्रा की शुरुआत भारत माता के जयकारों और देशभक्ति गीतों के साथ हुई। पूरे मार्ग में ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल गुंजायमान रहा। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे लोग यात्रा का हिस्सा बनते गये।

यात्रा प्रारम्भ करने से पूर्व मंत्री वर्मा ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि तिरंगा सिर्फ एक कपड़ा नहीं बल्कि हमारे देश की आन-बान, शान और सम्मान का प्रतीक है। आज की यह भव्य यात्रा यह दर्शाती है कि हमारे नागरिकों के दिलों में राष्ट्र के प्रति कितना सम्मान और प्रेम है। हमें अपने वीर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए और देश के विकास में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में देशभक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। सभी इस यात्रा से जुड़े और एकता और भाईचारे का संदेश दें।

इस भव्य तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, डीएफओ पंकज कमल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नागरिकगण एवं स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *