रायपुर : बिश्रामपुर में दिल्ली जाने वाली ट्रेन के ठहराव के लिए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने रेलवे अधिकारियों से की चर्चा

PTV BHARAT 13 AUGUST 2026 – रायपुर : बिश्रामपुर में दिल्ली जाने वाली ट्रेन के ठहराव के लिए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रेलवे अधिकारियों से की चर्चा – महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन क्रमांक 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के नियमित ठहराव की मांग के संबंध में रेलवे अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है।

शिवनंदनपुर-बिश्रामपुर की रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिश्रामपुर एवं आसपास के क्षेत्र के यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उक्त ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बिश्रामपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों एवं अन्य यात्रियों को दिल्ली तथा अन्य प्रमुख स्थानों तक आवागमन के लिए पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नियमित ठहराव से क्षेत्र के लोगों को यात्रा में सुविधा प्राप्त होगी।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे के संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने बिश्रामपुर क्षेत्र की जनसुविधा एवं यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के नियमित ठहराव के संबंध में सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया।

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा से जुड़े विषयों पर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिश्रामपुर में ट्रेन का नियमित ठहराव होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ होगा।

रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने उनकी मांग पर त्वरित ध्यान दिए जाने के लिए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *