रायपुर : तिरंगा यात्रा में गूंजा देशभक्ति का संदेश, जांजगीर-चांपा में उमड़ा जनसैलाब

PTV BHARAT 14 AUGUST 2026 – रायपुर : तिरंगा यात्रा में गूंजा देशभक्ति का संदेश, जांजगीर-चांपा में उमड़ा जनसैलाब – ‘हर घर तिरंगा’ अभियान एवं भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय में आज भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। शहीद स्मारक, कचहरी चौक जांजगीर से पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर तक निकली तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया।

शहीदों और विभाजन पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पर देश के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान पीड़ा झेलने वाले तथा अपने प्राणों का बलिदान देने वाले नागरिकों को भी स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विभाजन की त्रासदी देश के इतिहास का एक पीड़ादायक अध्याय है। नई पीढ़ी को इससे सीख लेते हुए आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

सांसद ने दिलाई तिरंगा एवं राष्ट्रीय एकता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान सांसद कमलेश जांगड़े ने उपस्थित जनसमुदाय को तिरंगा प्रतिज्ञा एवं राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा देशहित में सदैव योगदान देने का संकल्प दिलाया। उन्होंने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। बड़ी संख्या में शामिल विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साह के साथ तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी का स्वरूप देते हुए जिले में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सद्भाव की भावना को और मजबूत किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *