दंतेवाड़ा : जिले में हर्ष और उमंग के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – दंतेवाड़ा : जिले में हर्ष और उमंग के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस – आज जिले स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ उत्साहपूर्वक गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह जिला मुख्यालय शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित किया गया था। इस समारोह के प्रारंभ में मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप का कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव और पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह ने स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने प्रातः 9 बजे दंतेवाड़ा जिले के शासकीय हाई स्कूल मैदान में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के धुन के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा हर्ष एवं उल्लास के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गये और शांति के प्रतीक श्वेत कबूतर उड़ाये गये। इसके साथ ही मंत्री केदार कश्यप ने स्वतंत्रता दिवस पर माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया तथा सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा नक्सली उन्मूलन अभियान में शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अनुशासन और गरिमा के साथ हुआ मार्च पास्ट का प्रदर्शन

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मार्च पास्ट के दौरान सधे हुए कदमों के साथ कदम ताल कर सुरक्षा बलों इस क्रम में परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, परेड टू आई सी उपनिरीक्षक आनंद पांडे, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल निरीक्षक प्रशांत, सीएएफ कमल नारायण, जिला पुलिस बल बिहारी राम, बस्तर फाईटर्स (पुरुष) सहायक उप निरीक्षक हेमचंद पटेल, बस्तर फाईटर्स (महिला) महिला प्रधान आरक्षक अश्वनी सिंह, जिला पुलिस बल (महिला) महिला प्रधान आरक्षक आरती पठारे, नगर सेना सहायक उप निरीक्षक लालू राम पोडियामी, स्काउट कमांडर पवन कुमार भास्कर, बैंड पार्टी आस्था विद्या मंदिर जावंगा (गीदम) टोली कमाण्डर कुमारी गुनगुन राव के नेतृत्व में दल ने भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित परेड में पुलिस जवानों के साथ कदम से कदम मिलाए।

विजेता मार्च पास्ट दलों एवं शालेय संस्थाओं का किया गया पुरस्कृत

शालेय छात्र-छात्राओं की देशभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतिकरण ने राष्ट्रीय एकता का सूरताल संजोया।

मुख्य समारोह में शालेय छात्र-छात्राओं की देशभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों आधारित रंगारंग नृत्यगान प्रस्तुतिकरण ने भी लोगों की वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम के समापन पर विजेता मार्च पास्ट दलों एवं शालेय संस्थाओं को पुरस्कृत किया गया। इसके तहत मार्च पास्ट परेड के लिए जिला पुलिस बल (महिला) दंतेवाड़ा प्रथम पुरस्कार, द्वितीय स्थान पुरुष बस्तर फाईटर्स एवं बस्तर फाईटर्स (महिला) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके साथ ही शस्त्र रहित मार्च पास्ट वर्ग के अन्तर्गत शासकीय हाई स्कूल दंतेवाड़ा (स्काउट टोली) को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक प्रदर्शन में कन्या शिक्षा परिसर पातररास प्रथम स्थान, कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल गीदम जावंगा एवं कस्तूरबा माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा द्वितीय स्थान, निर्मल निकेतन हाई स्कूल कारली दंतेवाड़ा एवं गायत्री विद्यापीठ दंतेवाड़ा तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, नगरपालिका उपाध्यक्ष कैलाश मिश्रा, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, डीआईजी कमलोचन कश्यप, सीआरपीएफ के अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ एम भार्गव, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे एवं अधिकारीगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारीगण, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *