अम्बिकापुर : 119 अमृत सरोवरों में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – अम्बिकापुर : 119 अमृत सरोवरों में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस – जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 119 अमृत सरोवरों में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी अमृत सरोवरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के साथ विभिन्न जन-जागरूकता, सामुदायिक, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनसंवाद 2.0 विकसित भारत ग्राम संकल्प के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें ‘विकसित भारत संदेश’, ‘ग्रामीण जनसंवाद’, ‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ एवं शपथ जैसे कार्यक्रम प्रमुख रहे। ग्रामीणों ने इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने गांव की प्राथमिकताओं, आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी विषयों पर संवाद किया तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

अमृत सरोवरों में आयोजित कार्यक्रमों में ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, अमृत सरोवर से जुड़े हितग्राही, युवा, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

तिरंगा रैली एवं प्रभात फेरी से दिया देशभक्ति का संदेश

ध्वजारोहण के पश्चात स्कूली बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीणों द्वारा हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी एवं तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। तिरंगे के साथ उत्साहपूर्वक निकली रैली से अमृत सरोवरों के आसपास देशभक्ति का वातावरण निर्मित हुआ।

‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ में ग्रामीणों ने रखे विकास के मुद्दे

जनसंवाद 2.0 विकसित भारत ग्राम संकल्प के अंतर्गत आयोजित ‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ कार्यक्रम में ग्रामीणों को गांव के विकास से जुड़े प्रमुख विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर मिला। ग्रामीणों ने स्थानीय आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं पर संवाद किया। ग्राम पंचायत स्तर पर जनभागीदारी के माध्यम से विकास की दिशा तय करने और स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।

पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृत सरोवर परिसरों में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। अमृत सरोवरों के आसपास हरियाली विकसित करने की यह पहल जल संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देगी।

श्रमदान से चला स्वच्छता अभियान

कार्यक्रम के दौरान अमृत सरोवर परिसर में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याओं ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। सरोवर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। इस अवसर पर ग्रामीणों को ‘जल बचाओ, स्वच्छता अपनाओ’ का संकल्प दिलाया गया तथा जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

जिले के 119 अमृत सरोवरों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति, जनभागीदारी, ग्रामीण संवाद, जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं विकसित भारत के संकल्प को एक साथ जन-जन तक पहुंचाया गया। कार्यक्रमों में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत आधारशिला प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *