PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – कोरिया : बैकुंठपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस – जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रामानुज मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि विधायक भईया लाल राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश वाचन कर जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के पश्चात विधायक ने कलेक्टर रोक्तिमा यादव और पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के साथ परेड का निरीक्षण किया। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, महिला पुलिस, नगर सेना और एनसीसी कैडेट्स ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। शांति के प्रतीक रंगीन गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए। विधायक ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों से भेंट कर शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, सीईओ योगेंद्र श्रीवास, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

