रायपुर : नक्सल मुक्त बीजापुर में शान से लहराया तिरंगा

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – बीजापुर : नक्सल मुक्त बीजापुर में शान से लहराया तिरंगा – नक्सल मुक्त बीजापुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह जिले का पहला स्वतंत्रता दिवस था जब मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। तत्पश्चात राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ तथा रंगीन गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। समारोह में नक्सल उन्मूलन में शहीद जवानों के परिजनों को शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

परेड में सीनियर वर्ग में बस्तर फाइटर महिला दल प्रथम, सीआरपीएफ द्वितीय और डीआरजी तृतीय रहा। जूनियर वर्ग में एनसीसी प्रथम, एनएसएस द्वितीय और गाइड तृतीय स्थान पर रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय प्रथम, एकलव्य आदर्श विद्यालय द्वितीय और कन्या रेसिडेंशियल पोटा केबिन तृतीय रहा।

कार्यक्रम में विधायक विक्रम शाह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, कलेक्टर विश्वदीप और एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *