रायपुर : कवर्धा में देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – कवर्धा : कवर्धा में देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस – कबीरधाम जिला मुख्यालय स्थित आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिले के प्रभारी एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान और पुलिस जवानों की बैंड धुन पर राष्ट्रीय सलामी दी गई।

मुख्य अतिथि मंत्री देवांगन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह पावन पर्व माँ भारती की वंदना का अवसर है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर के बलिदान को नमन किया।

समारोह में 10 परेड टोलियों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर सलामी दी। सशस्त्र प्लाटून वर्ग में 17वीं वाहिनी छग बल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति और छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कवर्धा ने पहला स्थान हासिल किया।

इस पावन अवसर पर मंत्री देवांगन ने नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल, श्रीफल एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले 132 अधिकारियों-कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *