रायपुर : राजनांदगांव में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – राजनांदगांव : राजनांदगांव में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस – राजनांदगांव जिले में स्वतंत्रता दिवस का पर्व अभूतपूर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शौर्य परेड मैदान, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और उल्लास के प्रतीक गुब्बारे आसमान में छोड़े। समारोह में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के गायन के पश्चात कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संदेश का वाचन किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ-साथ शहीद जवानों के परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

रक्षित निरीक्षक लोकेश कुमार कंवर के कुशल नेतृत्व में आयोजित भव्य परेड में 15 प्लाटूनों ने हिस्सा लेकर तिरंगे को सलामी दी। परेड प्रतियोगिता के आर्म्स प्लाटून वर्ग में 38वीं बटालियन आईटीबीपी ने प्रथम और जिला पुलिस बल (पुरुष) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अन-आर्म्स सीनियर बालक वर्ग में एनसीसी दिग्विजय महाविद्यालय ने बाजी मारी। जूनियर बालिका वर्ग में एनसीसी बालिका दिग्विजय महाविद्यालय प्रथम तथा एनसीसी बालिका कमला कॉलेज द्वितीय स्थान पर रहे। जूनियर बालक वर्ग में एनसीसी बालक स्टेट हाई स्कूल ने पहला और एनसीसी नेवल डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया।

ध्वजारोहण और परेड के बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक व्यायाम प्रदर्शन और देशभक्ति गीतों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिता में ‘हरियर छत्तीसगढ़’ गीत पर शानदार प्रदर्शन के लिए पीएमश्री सर्वेश्वर दास नगर पालिका निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं ‘मिट्टी के बेटे’ गीत पर प्रस्तुति देने वाले पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को द्वितीय और ‘हमारा विकसित भारत’ गीत पर प्रस्तुति देने वाले युगांतर पब्लिक स्कूल को तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया।

इस भव्य आयोजन में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *