रायपुर : मुंगेली में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – मुंगेली : मुंगेली में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस – जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने ध्वजारोहण कर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विधायक मोहले ने कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के साथ परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। तत्पश्चात उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश वाचन किया और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। समारोह में शांति और खुशहाली के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए तथा सशस्त्र गार्ड द्वारा हर्ष फायर किया गया।

परेड कमांडर ख्रिस्ट नरगिस तिग्गा बघेल के नेतृत्व में 12 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। स्कूली बच्चों ने पीटी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला करही ने प्रथम, एकलव्य आवासीय विद्यालय बंधवा ने द्वितीय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सारधा लोरमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विधायक ने शहीदों के परिजनों को शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समापन पर विधायक, कलेक्टर एवं एसपी देशभक्ति गीतों पर बच्चों के साथ झूमे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *