रायपुर : देश को कृषि उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें कृषि वैज्ञानिक और विद्यार्थी: डॉ. चंदेल

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – रायपुर : देश को कृषि उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें कृषि वैज्ञानिक और विद्यार्थी: डॉ. चंदेल – देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुलपति डॉ. (कर्नल) गिरीश चंदेल ने कृषि महाविद्यालय, रायपुर में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रध्वज का आरोहण किया एवं परेड की सलामी ली। कुलपति डॉ. चंदेल ने इस अवसर पर देश की आजादी में योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर वीर बलिदानियों को नमन किया।

डॉ. चंदेल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी को आठ दशक पूरे हो रहे हैं। इस दौरान भारत ने काफी प्रगति की है और विभिन्न क्षेत्रों में तीव्र विकास हुआ है। इसके बावजूद देश के सामने अनेक चुनौतियां विद्यमान हैं, जिनमें कृषि उत्पादन के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाना भी शामिल है। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों एवं विद्यार्थियों से देश को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के छात्रों को कृषि की उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देश के 70 से अधिक अग्रणी विश्वविद्यालयों एवं अनुसंधान संस्थाओं के साथ एमओयू किया गया है। इस वर्ष विश्वविद्यालय के दो वैज्ञानिकों एवं पांच विद्यार्थियों का विदेशी शिक्षण संस्थानों में शोध अध्ययन के लिए चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर एवं शोधार्थी छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित संगोष्ठियों में बेस्ट पोस्टर, बेस्ट प्रेजेंटेशन सहित विभिन्न पुरस्कार प्राप्त किए हैं। इसी प्रकार विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों एवं वैज्ञानिकों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर बेस्ट साइंटिस्ट, बेस्ट एग्रीकल्चर इंजीनियर सहित विभिन्न सम्मान हासिल किए हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के लिए व्हाट्सऐप चैटबोट का लोकार्पण भी किया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विश्वविद्यालय के शोध विद्यार्थियों एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को सर्वश्रेष्ठ रिसर्च पब्लिकेशन के लिए सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के खेल-कूद क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं, खेलकूद एवं एनसीसी के कैडेट्स और एनएसएस के स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों एवं विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक, विश्वविद्यालय के संचालक अनुसंधान सेवाएं डॉ. विवेक त्रिपाठी, निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एस.एस. टुटेजा, निदेशक शिक्षण डॉ. विजय कुमार, निदेशक प्रक्षेत्र एवं बीज डॉ. नितिन रस्तोगी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा, कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एम.पी. त्रिपाठी, खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.एस. सेंगर, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक एवं कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। इस अवसर पर तिरंगा रैली का आयोजन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *