रायपुर : बस्तर में गरिमामय और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

PTV BHARAT 15 AUGUST 2026 – बस्तर : बस्तर में गरिमामय और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस – ऐतिहासिक लालबाग मैदान, जगदलपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और परेड का निरीक्षण करते हुए आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश जनता के नाम वाचन किया।

16 प्लाटूनों ने किया शानदार मार्चपास्ट

स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण भारती और परेड टू-आईसी उप निरीक्षक ओम प्रकाश के नेतृत्व में 16 प्लाटूनों ने बैंड की धुन पर शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। शस्त्र सहित दलों की श्रेणी में सीआरपीएफ 241वीं महिला बटालियन, सेड़वा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीआरपीएफ 80वीं पुरुष बटालियन, कैंप जगदलपुर ने द्वितीय तथा जिला नगर सेना महिला बल, बस्तर ने तृतीय स्थान हासिल किया। अन्य उत्कृष्ट दलों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

शस्त्र रहित दलों की श्रेणी में एनसीसी पीएम श्री सेजेस जूनियर डिवीजन, धरमपुरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीजी कॉलेज, धरमपुरा-02 द्वितीय तथा एनसीसी सेजेस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, जूनियर विंग, जगदलपुर तृतीय स्थान पर रहा। अन्य प्रतिभागी दलों को भी सांत्वना पुरस्कार दिए गए।

शहीद परिवारों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों से भेंट कर उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल, संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर, निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय जगदलपुर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तितिरगांव के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर को द्वितीय तथा निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन, पुलिस एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *