बेमेतरा : जल जीवन मिशन की योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, लंबित कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा पर जोर

PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – बेमेतरा : जल जीवन मिशन की योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, लंबित कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा पर जोर – कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की अध्यक्ष प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के दिशा सभाकक्ष में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न जल जीवन मिशन कार्यों, समूह जलप्रदाय योजनाओं, फंड रिलीज, CIRP, ‘हर घर जल’ अभियान, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

लंबित वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश

बैठक में SNA Sparsh के अंतर्गत देयकों के भुगतान तथा 7 जुलाई 2026 के बाद प्राप्त आवंटन के विरुद्ध किए गए भुगतानों के अनुमोदन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों से योजनावार प्रगति की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने लंबित वित्तीय और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।

समूह जलप्रदाय योजनाओं को प्राथमिकता

कलेक्टर ने प्रगतिरत समूह जलप्रदाय योजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा जिन योजनाओं की प्रगति अपेक्षित गति से कम है, उनमें आ रही बाधाओं को चिन्हांकित कर तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और अधिकारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण करने को कहा। प्रत्येक परियोजना की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी एवं ठेकेदार के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

‘हर घर जल’ के तहत कार्यशील नल कनेक्शन पर जोर

‘हर घर जल’ अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पात्र ग्रामीण परिवारों तक कार्यशील नल कनेक्शन पहुंचाने के साथ नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर आपसी समन्वय बनाए रखने और मैदानी स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पदमाकर, पीएचई विभाग के कार्यपालन अभियंता जे.पी. गोंड, सीएसपीडीसीएल के जे.एस. भटनागर, कृषि उपसंचालक एम.डी. डड़सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *