PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – सुकमा : सेवा सेतु से मिली त्वरित आय प्रमाण पत्र की सुविधा, छात्रवृत्ति प्रक्रिया हुई आसान – सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों को मिल रही त्वरित एवं सहज प्रशासनिक सेवाओं का लाभ अब विद्यार्थियों को भी समय पर मिल रहा है। ग्राम रामपुरम निवासी एवं पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल, सुकमा के कक्षा 10वीं के छात्र पोडियामी आकाश, पिता पोडियामी जोगा ने छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक आय प्रमाण पत्र हेतु 13 अगस्त 2026 को तहसील कार्यालय सुकमा में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के महज एक दिन के भीतर उन्हें आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।
समय पर प्रमाण पत्र मिलने से छात्रवृत्ति आवेदन पूरा
आय प्रमाण पत्र समय पर मिलने के बाद आकाश ने बिना किसी विलंब के इसे अपने विद्यालय में जमा किया और छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन भी निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।
त्वरित सेवा मिलने से उन्हें कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़े। साथ ही आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध होने के कारण छात्रवृत्ति प्रक्रिया भी आसान हो गई।
डिजिटल सेवा से विद्यार्थियों को मिली सुविधा
पोडियामी आकाश ने सेवा सेतु पोर्टल को विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए उपयोगी एवं सुविधाजनक बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और शीघ्र उपलब्ध हो रही हैं, जिससे विशेष रूप से विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिल रही है।
उन्होंने नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन सुकमा के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा सेतु जैसी डिजिटल व्यवस्था से प्रशासनिक सेवाओं तक नागरिकों की पहुंच आसान होने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित करने में भी मदद मिल रही है।

