PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – बलौदाबाजार : समूह की महिलाओं को मिला सोलर पैनल इंस्टालेशन और वेंडर रजिस्ट्रेशन का प्रशिक्षण – कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार जिला पंचायत के सभाकक्ष में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े संकुल स्तरीय संगठनों की महिला स्व-सहायता समूहों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जोड़ना और उन्हें सोलर पैनल इंस्टालेशन तथा वेंडर रजिस्ट्रेशन की तकनीकी प्रक्रिया में सक्षम बनाना रहा।
सोलर पैनल स्थापना और रखरखाव की मिली जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महिला समूहों की सदस्यों को सोलर पैनल की स्थापना, रखरखाव और इससे जुड़ी आवश्यक सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी। महिलाओं को सोलर सिस्टम के तकनीकी पहलुओं को व्यावहारिक रूप से समझाया गया, ताकि वे भविष्य में इस क्षेत्र में काम करने के लिए तैयार हो सकें।
वेंडर रजिस्ट्रेशन से बढ़ेंगे आजीविका के अवसर
महिलाओं को आधिकारिक वेंडर के रूप में पंजीकरण कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। इससे समूहों की सदस्याएं भविष्य में सोलर पैनल इंस्टालेशन से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ा सकती हैं।
ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय भागीदारी
प्रशिक्षण में विभिन्न क्षेत्रों के संकुल स्तरीय संगठनों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इनमें सीएलएफ समूह लाहोद, सोनाखान, वटगन-बनसांकरा और करहीबाजार की महिलाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
अधिकारियों ने महिलाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा के प्रसार के साथ महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार को भी नई दिशा मिल सकती है।
कार्यक्रम में सीएसपीडीसीएल के अधीक्षण अभियंता जी.पी. अनंत, कार्यपालन अभियंता ए.के. ठाकुर सहित एनआरएलएम एवं जिला पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।

