PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – बलौदाबाजार : ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता – राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा – ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली असुविधाओं को दूर करने की दिशा में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बलौदाबाजार और सिमगा विकासखंडों के 17 गांवों में मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय निर्माण के लिए 97.92 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। प्रत्येक गांव के लिए 5.76 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
17 गांवों में बनेंगे मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय
स्वीकृत कार्यों से सिमगा और बलौदाबाजार विकासखंड के विभिन्न गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। सिमगा विकासखंड में बिटकुली, बासीन (खैरवारी), धोबनीडीह (बुडगहन) और अमेरी (कसहीडीह) में निर्माण कार्य किए जाएंगे।
बलौदाबाजार विकासखंड में ढनढनी (खैरवारडीह), करमनडीह, मगरचबा (खैरघटा), लिमाही (गोड़खपरी), भरुवाडीह, भाठागांव-स, रसेड़ा, शुक्लाभाठा, चरौटी, ढाबाडीह, अचनाकपुर, झोंका और सेमराडीह सहित अन्य स्वीकृत स्थलों पर मुक्तिधाम शेड सह प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे।
बारिश और गर्मी में मिलेगी राहत
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मुक्तिधामों में शेड और प्रतीक्षालय की सुविधा नहीं होने के कारण विशेषकर बारिश और भीषण गर्मी के दौरान ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
नए शेड और प्रतीक्षालय बनने से अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
ग्रामीणों में उत्साह
17 गांवों में 97.92 लाख रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में उत्साह है। ग्रामीणों ने राजस्व मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन निर्माण कार्यों से बरसात और गर्मी के दौरान होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

