रायगढ़ : पीएम आवास योजना ने बदली रत्नी की जिंदगी, कच्चे आशियाने से पक्के घर तक पहुंचा सफर

PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – रायगढ़ : पीएम आवास योजना ने बदली रत्नी की जिंदगी, कच्चे आशियाने से पक्के घर तक पहुंचा सफर – प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने तमनार विकासखंड के ग्राम पंचायत महलोई की विधवा महिला रत्नी अगरिया के जीवन में खुशियों की नई शुरुआत की है। वर्षों से कच्चे मकान में रहकर मजदूरी के सहारे जीवन-यापन कर रही रत्नी के लिए पक्का मकान बनाना लगभग असंभव था। बारिश में कच्चा मकान टूट जाने के बाद सुरक्षित आशियाने की उनकी चिंता और बढ़ गई थी। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत पक्का आवास उनके लिए बड़ी राहत बनकर आया।

मजदूरी के सहारे चल रहा था परिवार

रत्नी अगरिया मजदूरी कर अपना जीवन यापन करती हैं। अपनी मेहनत की कमाई से उन्होंने बेटे का विवाह भी कराया। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपने लिए पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं हो पाया। वे लंबे समय से कच्चे मकान में रह रही थीं और बारिश के दौरान नमी तथा मकान की खराब स्थिति के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।

बारिश में मकान टूट जाने के बाद उनके सामने सिर छिपाने के लिए सुरक्षित छत की चिंता खड़ी हो गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अपने दम पर पक्का घर नहीं बना सकती थीं।

प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली तस्वीर

इसी कठिन परिस्थिति में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत रत्नी अगरिया का पक्का आवास स्वीकृत हुआ। शासन से आवास निर्माण के लिए सहायता राशि मिलने के बाद उनके वर्षों पुराने सपने को पूरा करने की राह खुली। धीरे-धीरे निर्माण पूरा हुआ और कच्चे मकान की जगह पक्का आशियाना तैयार हो गया।

नए घर में गृह प्रवेश से चेहरे पर आई खुशी

नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास तैयार होने के बाद चैत्र प्रतिपदा और हिंदू नववर्ष के शुभ अवसर पर रत्नी अगरिया ने उत्साह के साथ अपने नए घर में गृह प्रवेश किया। पक्की छत मिलने की खुशी उनके चेहरे पर साफ दिखाई दी।

जिस घर का सपना उनके लिए कभी असंभव जैसा था, वह अब हकीकत बन चुका है। रत्नी अगरिया ने नया पक्का घर मिलने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मजदूरी कर जीवन चलाने वाली महिला के लिए पक्का मकान बनाना संभव नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उन्हें सुरक्षित छत उपलब्ध करा दी।

नया आवास उनके लिए केवल एक मकान नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *