कोण्डागांव : कलेक्टर ने कोपाबेड़ा स्थित मत्स्य बीज प्रक्षेत्र और शासकीय उद्यान रोपणी का किया निरीक्षण

PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – कोण्डागांव : कलेक्टर ने कोपाबेड़ा स्थित मत्स्य बीज प्रक्षेत्र और शासकीय उद्यान रोपणी का किया निरीक्षण – कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने बुधवार को कोपाबेड़ा स्थित मत्स्य बीज प्रक्षेत्र एवं शासकीय उद्यान रोपणी का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग और सभी निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

हैचरी में मत्स्य बीज उत्पादन प्रक्रिया का लिया जायजा

कलेक्टर ने मत्स्य बीज प्रक्षेत्र की हैचरी का निरीक्षण करते हुए इंड्यूस्ड ब्रीडिंग, अंडों से मत्स्य बीज उत्पादन, स्पॉन उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन और मत्स्य बीज संवर्धन की पूरी प्रक्रिया को देखा।

उन्होंने मेजर कार्प एवं देशी मांगुर के मत्स्य बीज उत्पादन, वर्तमान उपलब्धता, आगामी उत्पादन लक्ष्य और वितरण की कार्ययोजना की जानकारी अधिकारियों से ली।

कलेक्टर ने वैज्ञानिक पद्धति और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज उत्पादन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जिले के मत्स्य किसानों को समय पर स्वस्थ और उच्च गुणवत्ता का बीज उपलब्ध हो सके। उन्होंने हैचरी परिसर की स्वच्छता, जल गुणवत्ता और ब्रूड मछलियों के उचित रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने पर जोर

इसके बाद कलेक्टर ने मत्स्य पालन तालाबों का निरीक्षण कर जल गुणवत्ता, मछलियों की वृद्धि, आहार प्रबंधन और उत्पादन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित मत्स्य पालकों से संवाद करते हुए कहा कि वैज्ञानिक और आधुनिक पद्धतियों को अपनाकर मत्स्य किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।

उन्होंने जिले में मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ाने और अधिक से अधिक मत्स्य पालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

आम और ड्रैगन फ्रूट की आधुनिक खेती का होगा प्रदर्शन

कलेक्टर ने शासकीय उद्यान रोपणी कोपाबेड़ा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आम एवं ड्रैगन फ्रूट की उन्नत किस्मों की आधुनिक खेती के लिए फ्रंटलाइन डेमोन्स्ट्रेशन स्थापित करने की तैयारियों की जानकारी ली।

सब्जी वर्गीय फसलों के उच्च गुणवत्ता वाले पौधे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोपणी में विकसित किए जा रहे पॉलीहाउस और अन्य आवश्यक संरचनाओं के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक मत्स्य पालन प्रवेज कुमार, प्रभारी सहायक संचालक उद्यानिकी करूणा कश्यप, रोपणी प्रभारी लोकेश्वर ध्रुव, सहायक मत्स्य अधिकारी मीनाक्षी पोटाई, मत्स्य जमादार महेश बघेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *