धमतरी : आवारा मवेशियों को पकड़ने विशेष अभियान चलेगा

PTV BHARAT 19 AUGUST 2026 – धमतरी : आवारा मवेशियों को पकड़ने विशेष अभियान चलेगा – जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख मार्गों और शहर की सड़कों पर आवारा मवेशियों के कारण बढ़ते सड़क दुर्घटना के खतरे को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा।

सड़कों से मवेशियों को हटाने चलेगा अभियान

सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करेंगे। वे आवारा मवेशियों की पहचान कर उन्हें सड़कों से हटाने की कार्रवाई करेंगे।

पकड़े गए मवेशियों को निर्धारित गौशालाओं एवं पशु आश्रय स्थलों में पहुंचाया जाएगा, जहां उनके लिए चारा-पानी, देखभाल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

संवेदनशील मार्गों पर बढ़ेगी निगरानी

राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख मार्गों के किनारे आवश्यकतानुसार चेतावनी एवं यातायात संबंधी सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में यातायात पुलिस की निगरानी और गश्त भी बढ़ाई जाएगी, ताकि आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समन्वित रूप से अभियान चलाकर मवेशियों को सुरक्षित हटाने और संवेदनशील मार्गों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

पशुपालकों से मवेशी खुले में न छोड़ने की अपील

कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखें, ताकि मवेशियों के साथ राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

प्रशासन ने नागरिकों एवं पशुपालकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। सड़कों पर आवारा मवेशी दिखाई देने पर इसकी सूचना संबंधित नगरीय निकाय या प्रशासनिक अधिकारियों को देने का आग्रह किया गया है। सामूहिक सहयोग से आवारा मवेशियों की समस्या पर नियंत्रण और जिले में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *