रायपुर : जनसंवाद 2.0: विकसित भारत ग्राम संकल्प में ग्रामीणों ने रखीं गांव के विकास की प्राथमिकताएं

PTV BHARAT 20 AUGUST 2026 – जांजगीर-चांपा : जनसंवाद 2.0 के जरिए ग्रामीणों ने रखीं गांव के विकास की प्राथमिकताएं – जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ‘जनसंवाद 2.0 : विकसित भारत ग्राम संकल्प’ का आयोजन किया गया। ग्राम सभा और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम, 2025, रोजगार के अधिकार, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही गांव की आवश्यकताओं और विकास प्राथमिकताओं पर ग्रामीणों से सुझाव लिए गए।

‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ से सामने आईं जरूरतें

जनसंवाद 2.0 के दौरान ‘मेरे गांव की प्राथमिकता’ वोटिंग वॉल के माध्यम से ग्रामीणों ने सड़क, पानी, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को अपनी प्राथमिकता बताया।

वहीं ‘125 दिन रोजगार-मेरा अधिकार’ के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार के अधिकार एवं योजना के प्रावधानों की जानकारी दी गई। ‘विकसित भारत संदेश कार्ड’ के जरिए ग्रामीणों ने गांव के विकास से जुड़े अपने सुझाव और विचार साझा किए।

‘जनता पूछे-पंचायत बताए’ से सवालों का समाधान

‘जनता पूछे-पंचायत बताए’ संवाद मंच के माध्यम से रोजगार, मजदूरी भुगतान, पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों, शिकायत निवारण और अन्य जनहित के विषयों पर ग्रामीणों के सवालों एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

इससे ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और अपने अधिकारों की जानकारी मिलने के साथ गांव के विकास से जुड़े विषयों पर सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिला।

कई ग्राम पंचायतों में आयोजित हुए कार्यक्रम

जनपद पंचायत बलौदा की ग्राम पंचायत मड़वा में सहायक प्रचार-प्रसार अधिकारी देवेंद्र कुमार यादव, सरपंच अजय कुमार सोनवानी, सचिव ओमप्रकाश राठौर एवं रोजगार सहायक निशा कंवर ने ग्रामीणों को योजना और रोजगार अधिकारों की जानकारी दी।

जनपद पंचायत नवागढ़ की ग्राम पंचायत अमोरा एवं पचेड़ा में कार्यक्रम अधिकारी धरमिन सिगरोल और तकनीकी सहायक अब्दुल कामिल सिद्दीकी की उपस्थिति में जनसंवाद आयोजित हुआ। जनपद पंचायत अकलतरा की ग्राम पंचायत तरोद और जनपद पंचायत बम्हनीडीह की ग्राम पंचायत परसापाली में भी ग्रामीणों को योजनाओं एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रमों में पंचायत प्रतिनिधियों, हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने अपने गांव की जरूरतों और विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं को सामने रखते हुए स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए।

जनसंवाद 2.0 के माध्यम से ग्राम सभा को केवल योजनाओं की जानकारी देने वाले मंच के बजाय ग्रामीणों की आवाज, सुझावों और विकास प्राथमिकताओं को ग्राम पंचायत की कार्ययोजना से जोड़ने वाले सहभागी मंच के रूप में मजबूत करने की पहल की गई।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने ‘मेरा गांव-मेरा संकल्प, विकसित भारत का मजबूत आधार’ का सामूहिक संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *