PTV BHARAT 20 AUGUST 2026 – रायपुर : लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश – लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने नए सड़क और पुल प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
प्राक्कलन से निविदा तक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी करने के निर्देश
सचिव ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने तथा प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य तेजी से पूरा करने कहा। सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने जिले के कलेक्टरों से बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों और कार्यस्थलों की समस्याओं का जल्द निराकरण हो सके।
मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की कड़ी मॉनिटरिंग और निरीक्षण करने को कहा गया। ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार निगरानी रखते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सड़कों और भवनों की गुणवत्ता जांच हर चरण में
सड़कों एवं भवनों के निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता की जांच करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि मजबूत और टिकाऊ अधोसंरचना तैयार हो सके। जिन नए कार्यों की निविदा हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू करने के निर्देश दिए गए। काम शुरू होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता की भी नियमित निगरानी करने को कहा गया।
बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सड़कों और पुलों के रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सड़कें साफ-सुथरी, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देनी चाहिए। बरसात में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों की आवाजाही बाधित न हो।
भू-अर्जन और नामांतरण के प्रकरण जल्द निपटाने के निर्देश
उन्होंने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की जांच करने को कहा। भू-अर्जन से जुड़े नए एवं पुराने प्रकरणों की नामांतरण प्रक्रिया एक माह में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
विश्रामगृहों और सर्किट हाउस के रखरखाव पर भी जोर
बैठक में विभागीय विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गई। सचिव ने विभागीय भवनों में बेहतर साफ-सफाई, नियमित रखरखाव और पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे एवं जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

