PTV BHARAT 20 AUGUST 2026 – रायपुर : उत्कृष्ट कार्य और नवाचार के लिए छात्रावास अधीक्षक दंपत्ति सम्मानित – जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 में छात्रावास अधीक्षक दंपत्ति नीलेश खांडे एवं चित्ररेखा तारक को आदिवासी विकास विभाग में उत्कृष्ट कार्य और नवाचार के लिए उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारी सम्मान से सम्मानित किया गया। जिले के प्रभारी एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने दोनों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार भी उपस्थित रहे।
नीलेश खांडे को चौथी बार जिला स्तरीय सम्मान
छात्रावास अधीक्षक नीलेश खांडे को यह जिला स्तरीय सम्मान चौथी बार मिला है। वे राज्य स्तर पर भी दो बार उत्कृष्ट अधीक्षक के रूप में सम्मानित हो चुके हैं।
वर्ष 2016 में सरायपाली विकासखंड के ग्राम बलौदा छात्रावास में पदस्थ रहते हुए उन्होंने जनसहयोग से बिना शासकीय सहायता के स्मार्ट क्लास और लाइब्रेरी स्थापित की। इसके बाद छात्रावास के विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों में सुधार हुआ और अनुत्तीर्ण होने वाले छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर प्रयास जैसी संस्थाओं में चयनित होने लगे।
चित्ररेखा तारक ने छात्रावास में किए शैक्षणिक सुधार
चित्ररेखा तारक ने प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, बिछिया (बसना) में शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत सुधार करते हुए छात्रावास की व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दंपत्ति की कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें नवनिर्मित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दोनों ने वहां संस्था के उद्देश्यों को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शासकीय योजनाओं को हितग्राहियों तक पहुंचाने में भूमिका
वर्तमान में जिला मुख्यालय में पदस्थ दोनों अधिकारी प्रशासनिक और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। नीलेश खांडे पीएम जनमन, धरती आबा और आदि कर्मयोगी अभियानों को वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के नोडल अधिकारी के रूप में भी वे पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति भुगतान सुनिश्चित करने में योगदान दे रहे हैं।
दोनों को मिला सम्मान छात्रावास प्रबंधन में नवाचार, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आदिवासी विद्यार्थियों के विकास के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों की पहचान के रूप में सामने आया है।

