PTV BHARAT 20 AUGUST 2026 – सूरजपुर : छत्तीसगढ़ को बाल विवाह मुक्त बनाने छात्राओं को किया जागरूक, सुरक्षा एवं अधिकारों की दी जानकारी – छत्तीसगढ़ को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला संचालित की जा रही है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करसी में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बाल विवाह रोकथाम और बाल अधिकारों की दी जानकारी
जिला बाल संरक्षण अधिकारी मनोज जायसवाल ने बाल विवाह की रोकथाम, बाल अधिकार, शिक्षा और बालिकाओं की सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा बालिकाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं से निरंतर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य हासिल करने और क्षेत्र में किसी भी बाल विवाह को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
हेल्पलाइन और सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श की जानकारी
छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में इन सेवाओं के माध्यम से सहायता ली जा सकती है।
सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के प्रति जागरूक करते हुए बचाव के चार सूत्र ‘नो, गो, टेल एवं एफआईआर’ बताए गए। साथ ही पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े उपायों की जानकारी भी दी गई।
बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित
मिशन शक्ति की फरजाना अंसारी ने छात्राओं को शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए भ्रूण हत्या की रोकथाम और घरेलू हिंसा की स्थिति में महिला हेल्पलाइन 181 का उपयोग करने की अपील की।
पोस्टर, राखी और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पोस्टर, राखी और रंगोली निर्माण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह मुक्त सूरजपुर बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

