रायपुर : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने ली जांजगीर.चांपा जिले के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक

PTV BHARAT 20 AUGUST 2026 – जांजगीर-चांपा : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक – वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास एवं निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण प्राथमिकता

मंत्री चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों के कार्यों का शीघ्र निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता से समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने भ्रष्टाचार और लापरवाही की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर ऐसी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

बड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति पर जोर

बैठक में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित जिले की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सभी परियोजनाओं को निर्धारित मापदंडों के अनुसार समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने और जिले की प्राथमिकता वाले नए विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को भी कहा गया।

बिजली आपूर्ति और सड़कों की मरम्मत पर विशेष ध्यान

बारिश के दौरान बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्युत व्यवस्था सुचारू रखने और किसी भी व्यवधान का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बारिश से सड़कों पर हुए गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता से मरम्मत कराने को कहा गया, ताकि लोगों का आवागमन बाधित न हो।

राजस्व प्रकरण समय-सीमा में निपटाने के निर्देश

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामले सीधे आम नागरिकों से संबंधित होते हैं। इसलिए इन्हें निर्धारित समय-सीमा में निपटाया जाए और नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने विकास एवं निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी दिए।

पीएम सूर्यघर और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने हितग्राहियों के घरों में गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल लगाने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में उन्होंने हितग्राहियों को किस्त जारी करने में देरी नहीं करने और निर्माण प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी से बचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई हितग्राही अपनी इच्छा और संसाधनों से निर्धारित आवास से बड़ा घर बनाना चाहता है तो उसे प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

महतारी वंदन की ई-केवाईसी जल्द पूरी करने के निर्देश

महतारी वंदन योजना की समीक्षा के दौरान शेष हितग्राहियों की ई-केवाईसी अभियान चलाकर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। वीबी-जी राम जी योजना के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों और मरम्मत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने को भी कहा गया।

आधुनिक कृषि और उद्यानिकी को मिलेगा बढ़ावा

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने किसानों को फल एवं सब्जी उत्पादन तथा अन्य उद्यानिकी फसलों के लिए अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने कहा।

कृषि विभाग से खाद एवं बीज के भंडारण और उपलब्धता की जानकारी लेते हुए उन्होंने नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग को लेकर किसानों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर सख्ती

प्रभारी मंत्री ने जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ई-ऑफिस और ई-अटेंडेंस व्यवस्था की समीक्षा भी की गई। कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा अधिकारियों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *